Friday, December 24, 2010

आदमी व्यवहार में आदिम ही दिखता है अभी, यूँ तो है दुनिया सभी आदिम प्रथाओं के ख़िलाफ़...



राजस्थान पिछले तीन दिनों से गुर्जर आन्दोलन की आग में धधक रहा है। प्रदेशवासी डरे और सहमे हुए से हैं कि अब क्या होगा........? उनके जहन में पिछले आन्दोलन की याद ताज़ा हो जाती है, जिसमें कि गोलियां चल गई थीं और लगभग दो दर्जन युवक हताहत भी हो गए थे साथ ही भारी मात्रा में सरकारी और निजी संपत्ति का क्षय हुआ था..........

आन्दोलन करना एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और अपनी मांगें मनवाने का एक तरीका है, लेकिन आन्दोलन करने के साथ-साथ ही सबसे महत्वपूर्ण बात यह भी है कि आन्दोलन से आम जन प्रभावित न हो और उद्धेश्यपूर्ति हेतु जिस भी व्यवस्था का ध्यान आकृष्ट करना है, चाहे वो व्यवस्थापिका हो, कार्यपालिका हो या फिर न्यायपालिका हो, वहीं तक सीमित रहे।

बड़े दुःख की बात है कि अपनी मांगे मनवाने के लिए हमारे साथी यह नहीं समझ पा रहे हैं कि रेलवे ट्रेक रोकने से, राष्ट्रीय राजमार्गों को रोकने से, बाजारों को बंद करवाने से और स्कूलों, चिकित्सालयों आदि सरकारी संस्थानों को बंद करवाने से कोई फलदायक नतीजा नहीं आएगा, बल्कि आम जन में जाति विशेष के लिए रोष उत्पन्न हो जाएगा............... आन्दोलनकारियों को यह सोचना चाहिए कि ऐसा सब करने से आम जनता कितनी ज्यादा प्रभावित हो रही है.........! अपना नियमित जीवन भी नहीं जी पा रही है और ये स्वयं भी उसी समाज का हिस्सा हैं, जिसमें बाकी के लोग भी रहते हैं, कहीं ऐसा न हो की आने वाले भविष्य में समाज के अन्य वर्ग इनके साथ सामाजिक सामंजस्य नहीं बिठा पाएं..............!

आन्दोलनकारियों और नेतृत्वकर्ताओं से आम जन यह जानना चाहता है कि........

रेलवे ट्रेक रोकना कहाँ तक उचित है........?
राजमार्गों को रोकना कहाँ तक उचित है.......?
आवागमन के और यातायात के साधनों को रोकना कहाँ तक उचित है.......?
सरकारी संपत्ति, जो कि हमारे ही पैसे से बनी है को नुकसान पहुचाना कहाँ तक उचित है........?
आम आदमी की दिनचर्या को रोक देना कहाँ तक उचित है........?
युवा छात्र-छात्राएं, जो कि दिन-रात मेहनत करके भविष्य निर्माण में लगे हुए है, उनका इस वजह से परीक्षाएं नहीं दे पाना कहाँ तक उचित है.........?


ऐसे और भी बहुत सारे सवाल हैं, जिनका जवाब आम जनता चाहती है और कहती है कि आप भी तो हमारे ही साथी हो........!

मेरी आन्दोलनकारी और नेतृत्वकर्ताओं से करबद्ध गुजारिश है कि हम समाज के बाकी सभी लोग उनके साथी हैं और चाहते हैं कि उनकी जायज मांग पूरी हो, जिसे कि क़ानून और सरकार मान्यता दे किन्तु हमें होने वाली परेशानियों का भी ध्यान रखा जाए......

जय हिंद.....
जय भारत.....




Sunday, December 5, 2010

फिजूलखर्ची...... या रोजीरोटी........




इन दिनों शादियों का सीजन जोरों पर है साथ ही इससे जुड़े तमाम प्रकार के व्यवसाय और व्यवसायियों की आजकल पाँचों उँगलियाँ घी में और सर कढाई में है।

देखा जाए तो जहां एक तरफ शादी समारोह में होने वाले खर्च की राशि करोड़ों और अरबों को छू रही है वहीँ दूसरी तरफ एक पूरे का पूरा तबका भूखे पेट सोने को मजबूर है।

मैं एक साधारण नागरिक की हैसियत से अगर सब से यह प्रश्न करू की क्या ये सब उचित है......? विवाह समारोह में होने वाला बेहिसाब खर्चा, क्या सिर्फ दिखावा मात्र नहीं है.......? क्या यह सिर्फ अपने status और एक वर्ग विशेष को बनाए रखने का रूप नहीं है........?

दोस्तों आपका मन भी शायद यही कह रहा होगा की वास्तव में कहीं न कहीं धन की बर्बादी हो रही है, लेकिन मैं यहाँ यह नहीं कहूँगा की ये सब बंद हो जाना चाहिए, मेरी सोच कुछ जरा हटके है.......।

मुझे लगता है की इसी बहाने ही सही धन्ना सेठों की तिजोरियों में रखा हुआ पैसा बाहर आकर कितनों को रोजगार और रोटी देता है....... कही न कही, किसी न किसी रूप में इन तमाम व्यवसायों से जुड़े हुए मजदूरों को काम देता है। भला हो ऐसे कुबेरों का, जिन्हें अपने कमाए हुए धन का हिसाब तक पता नहीं है, क्योंकि ऐसे तमाम लोग प्रत्यक्ष न सही परोक्ष रूप से तो परोपकार का काम कर ही रहे हैं.......!

सोच कर देखें की यदि ऐसा बंद हो जाए या सभी सादगी पूर्वक समारोह आदि करने लग जाएं तो इसमें खर्च होने वाला पूरा धन ज्यों का त्यों उनकी तिजोरी या बेंक में पड़ा रहेगा और अर्थव्यवस्था की निरंतरता में बाधक बन जाएगा.......... मेरा मानना है की हममें से शायद ही कोई परोपकार के नाम पर सीधे तौर पर कभी किसी सरकारी या गैर सरकारी संस्था को कोई धन राशि उपलब्ध करवाता होगा। चलो ऐसे ही सही दिखावे और वर्ग विशेष की पहचान को बनाए रखने के लिए ही सही हमें ऐसा करते रहना चाहिए और इस तरह के आयोजनों में पूरे उत्साह के साथ शामिल होना चाहिए, ताकि हम भी इस पुन्य के काम में भागीदार बन सकें........

जहां तक मुझे लगता है इस पूरी प्रक्रिया में कही न कही स्थानीय प्रशासन को भी प्रत्यक्ष रूप से अपनी भूमिका निभानी चाहिए और एक निश्चित राशि से ऊपर होने वाले खर्च पर एक अति न्यूनतम चार्ज सामाजिक कल्याण कर के रूप में आयोजक से वसूल किया जाना चाहिए, क्योंकि ये मामूली राशि आयोजक के लिए तो भारी नहीं होगी लेकिन इससे सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए राशि एकत्रित हो सकेगी और सीधे तौर पर जरूरतमंद के काम आ सकेगी........

Saturday, October 30, 2010

इंदिरा एक शक्ति.........


इंदिरा सिर्फ एक नाम ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व में पहचाना जाने वाला शक्ति का एक प्रतीक है। अपने अदम्य साहस और निर्भीक छवि से भारत की इस महिला प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है....... हिन्दुस्तान को सिर्फ एक ऐसे ही साहसी व्यक्तित्व की आवश्यकता है जो अपने त्वरित निर्णयों से देश को आगे बढाने का काम कर सके।

वर्तमान परिपेक्ष्य में जिस तरह की कार्यप्रणाली उपयोग में ली जा रही है उससे देश के विकास की गति कही न कही बाधित हो रही है। निर्णय लेने की क्षमता का अभाव एवं उसके क्रियान्वयन के तरीके की वजह से आज भी वास्तविक और आधारभूत कार्यों को मूर्तरूप नहीं दिया जा पा रहा है, यही एक वजह है जिसके चलते देश आज भी लगातार कई तरह की समस्याओं.........अशिक्षा, गरीबी, भुखमरी, आतंकवाद, भ्रष्टाचार, आंतरिक कलह आदि से जूझ रहा है.........

मेरा मानना है की इंदिरा जैसा व्यक्तित्व ही देश को ऐसी समस्याओं से निजात दिला सकता है, जिन्होंने, चाहे वह बांग्लादेश का मसला हो, चाहे चीन और पाकिस्तान का मसला हो या फिर देश की आंतरिक शक्ति और सुरक्षा से सम्बंधित मसला हो, इन सभी पर जिस कूटनीति और सूझबूझ से निर्णय लेकर जो काम किये उन्हें हम आज भी नहीं भुला सकते।

आज ही के दिन 31 अक्टूबर को अपना फर्ज निभाते हुए इंदिरा गांधी देश के लिए कुर्बान हो गई। महिला शक्ति के रूप में पहचानी जाने वाली इंदिरा जी की पुण्यतिथि पर हमारी सच्ची श्रद्धांजलि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर ही दी जा सकती है.....

जब तक सूरज चाँद रहेगा, इंदिरा जी का नाम रहेगा........

जय हिंद......

Saturday, October 16, 2010

यूनाइटेड अगेंस्ट हंगर........


कृषिगत खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहन देने, विकासशील देशों के मध्य आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग बढ़ाने, लोगों में वैश्विक स्तर पर भुखमरी की सामस्या के प्रति जागरूकता एवं इसके समाधान हेतु प्रयास के उद्धेश्य से, संयुक्त राष्ट के खाद्य एवं कृषि संगठन द्वारा, वर्ष 1981 में खाद्य सुरक्षा से जुड़े विविध पहलुओं को विषय (Theme) बनाते हुए आरम्भ किये गए विश्व खाद्य दिवस को आज विश्व भर में "United Against Hunger" Theme के साथ मनाया जा रहा है।

प्रति व्यक्ति पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, खाद्य सुरक्षा, कुपोषण और भुखमरी पूरे विश्व की समस्या है। बढ़ती जनसंख्या के साथ-साथ कृषि भूमि पर दबाव बढ़ता जा रहा है... कृषि- भूमी का रिहायशी और औद्योगिक उपयोग भी खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। विश्व खाद्य उत्पादन में वृहद वृद्धि और हर व्यक्ति को उसकी उपलब्धता बहुत ही मुश्किल लक्ष्य है.......... परन्तु इस दिशा में सभी देश, सरकार, समुदाय, विविध संगठनों और जनसहभागिता से किये गए सामूहिक प्रयास और सभी की सक्रीय भूमिका से ही इस गंभीर समस्या का समाधान संभव है............

International Food Policy Research Institute द्वारा जारी किये गए Global Hunger Index,2010 में हमारा देश 84 देशों में से 67वें स्थान पर रहा है रिपोर्ट के अनुसार भारत में बच्चों के पोषण और शारीरिक विकास का स्तर बेहद चिंताजनक है......

हम अपने व्यक्तिगत स्तर पर तो इसका पूर्ण समाधान तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन यदि हम लोग प्रतिदिन कम से कम एक वास्तविक भूखे व्यक्ति को भी भोजन करा सकें तो हम इस वैश्विक प्रयास में अपना सराहनीय योगदान दे पाएंगे.....

बड़ी दुखद बात है.........

यहाँ किसी को बदहजमी से नींद ही नहीं आती और किसी को हजम करने के लिए खाना नहीं मिलता.........

Sunday, October 10, 2010

लोकतंत्र और हमारी जिम्मेदारी......


विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत, जिसके हम निवासी हैं...........। लोकतंत्र का अभिप्राय..... "जनता का, जनता के लिए और जनता के द्वारा" शासन होता है।

साथियो जब इस देश में व्यवस्था हमारी है, हमारे लिए है और हमारे ही लोगों द्वारा बनाई गई है तब भी क्यों हम छोटी से लेकर बड़ी कमियों के लिए किसी व्यक्ति विशेष, किसी सरकार विशेष या किसी व्यवस्था विशेष पर आरोप लगाते हैं.....? अगर हम व्यवस्था में विद्यमान कार्यप्रणाली, व्यवस्थापिका और सरकार से किसी भी विषय या मुद्दे पर नाराज हैं तो क्या हमें उसका ढीढोरा पीटने के बजाय उसमें परिवर्तन और सुधार लाने के लिए प्रयास नहीं करना चाहिए.....?

आज आप और हम भ्रष्टाचार का सबसे ज्यादा ढीढोरा पीटते हैं तो क्या उसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं.....?

अपनी सुविधा के लिए हम किसी की भी मांग को पूरा करने के लिए क्यों तैयार हो जाते हैं.....?

क्या हम लाइन में लगके काम नहीं करवा सकते...?

क्या हम निर्धारित नियमो के दायरे में रहकर काम नहीं कर सकते...?

क्या हम जहा सरकार भेजे वहा जाके नौकरी नहीं कर सकते....?

लेकिन नहीं, हम बस अपनी सुविधा देखते हैं और भ्रष्टाचार का रोना रोते रहते हैं.....हर समस्या का समाधान हम स्वयम हैं....इस देश के क़ानून के मुताबिक़ अपराध करने वाला और उसका साथ देने वाला दोनों बराबर के दोषी माने जाते हैं तो फिर क्यों हम दूसरे को ही दोषी कहते हैं........? रिश्वत लेना अगर अपराध है तो देने वाला भी तो अपराधी हुआ। जब इन कार्यों के लिए हम भी जिम्मेदार हैं तो क्या किसी को दोष दिया जाना उचित है.......?

मेरा मानना है की हम सबको मिलकर कमियों को गिनाने के बजाय उन्हें दूर करना चाहिए ताकि हमारी भूमिका और जिम्मेदारी का वास्तविक रूप से निर्वहन हो सके।

परिवर्तन चाहने के लिए दृढ इच्छाशक्ति का होना बहुत जरूरी है। इसके बिना हम सिर्फ बातें ही कर सकते हैं,परिवर्तन ला नहीं सकते। देश का इतिहास गवाह है की अगर चन्द लोगों ने दृढ इच्छाशक्ति से आजादी की ख्वाहिश नहीं जाहिर की होती और उसके लिए कदम न बढाए होते तो आज तक हम गुलाम भारत में रहकर यही बातें कर रहे होते की व्यवस्था खराब है,हम आजाद नहीं हैं,हम अपनी मर्जी से जी नहीं सकते इत्यादि, इत्यादि......

पाठकों यदि हम वास्तव में परिवर्तन चाहते हैं और सुधार चाहते हैं तो एकजुट होकर दृढ इच्छाशक्ति से व्यक्तिगत स्वार्थों को त्यागकर मिलजुलकर एक शुरुआत करें ताकि हम अपने सपनों के भारत का निर्माण कर सकें.....

आइये कदम बढाएं......

जय हिंद......


Tuesday, August 17, 2010

अपनी शक्ति से अनजान युवा......



मेरे देश का ये नौजवान इस तरह किस चीज के लिए गिडगिडा रहा है और क्यों......? और इसके साथ इस तरह क्यूँ पेश आया जा रहा है.......? क्या यह आतंकवादी है.......? क्या यह अपराधी है......? अगर नहीं है तो क्या कर रहा है मेरा ये युवा साथी......?

ऊपर लगी तस्वीरों में आप देख सकते हैं की मेरे देश का नौजवान साथी जो आने वाले समय में देश का निर्माता बनेगा उसे क्या हो गया है, क्यूँ अपनी इस शक्ति का दुरूपयोग कर रहा है.........? जब हम यह मानते हैं की पूरी दुनिया युवा शक्ति पर टिकी है चाहे वह आर्थिक क्षेत्र हो, सामरिक क्षेत्र हो, राजनीतिक क्षेत्र हो या सामाजिक क्षेत्र हो, फिर भी क्यों वह अपनी शक्ति का अहसास नहीं कर पा रहा है.........?

वैश्विक अर्थव्यवस्था पूर्ण रूप से युवा वर्ग पर टिकी है, प्रत्येक वस्तु का सबसे बड़ा उपभोक्ता युवा है, कोई भी नयी वस्तु हो उसे बाजार में लाते समय युवा वर्ग की पसंद नापसंद को ध्यान में रखा जाता है, अधिकाँश वस्तुओं को युवा ही बाजार उपलब्ध करवाता है...... सही मायने में वही बाजार का राजा है।

देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी युवा कंधो पर है, देश के लिए मर मिटने वालों में युवा ही सबसे आगे होते हैं।

देश का लगभग 60 फीसदी मतदाता युवा है। वही निर्धारित करता है की देश की बागडोर किसके हाथो में होगी। वह सरकार बनाने और गिराने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है तो फिर व्यवस्था में खामियों का दोष किन्हें व क्यों दिया जा रहा है......?

हमारे समाज में भी प्रत्येक सामाजिक गतिविधि का संचालन बुजुर्गों के अनुभवों को साथ लेकर भरपूर ऊर्जा के साथ युवा ही करता है।

इतना सबकुछ होने के बावजूद हमें आज भी अपनी युवा शक्ति का अहसास ही नहीं हुआ है, की हम क्या हैं, और क्या कर सकते हैं........! हम् में से अधिकांश का उद्धेश्य सिर्फ अच्छी नौकरी पाना, पूर्ण सुख सुविधाओं से भरपूर जीवन जीना और मौज मस्ती करना मात्र ही क्यों रह गया है.......? जिस व्यवस्था के हम खराब होने की बाते करते हैं, चर्चा करते हैं, शिकायतें करते हैं......! इतने शक्तिशाली होने के बावजूद क्या हम उन्हें बदलने का प्रयास तक नहीं कर सकते.....!

क्या हो गया है हमें, जब हम बाते कर सकते हैं, रैलियां निकाल सकते हैं, किसी के कहने में आकर धरना प्रदर्शन कर सकते हैं तो क्या हम एकजुट होकर इस व्यवस्था को बदलने के लिए दृढ़ता से कुछ नहीं कर सकते......? गलती हमारी ही है, जब हम हजारों की तादाद में इकठ्ठा होकर रैलियां निकालते हैं तो हम संयमित और नियंत्रित होकर अपने प्रयास को अंजाम तक नहीं पहुंचा सकते? सबसे ज्यादा जरुरी है हम नियंत्रण में रहकर अपनी बात कहें.

हमें एकजुट होकर, इकट्ठे होकर यह महसूस करवाना है की हम कितने शक्तिशाली हैं न की अनियंत्रित होकर हमारे साथ किसी को भी अपराधियों की तरह पेश आने की छूट देनी है, न ही किसी को ये मौका देना हे की कोई हमारी शक्ति को गाली दे, हमें हुडदंगी कहकर पुकारे और हमारे प्रयास को अराजकता फैलाने वाला करार दिया जाए।

आज हमारी शक्ति छोटे-छोटे अणुओं के रूप में विभाजित है, जिसे हमें मिलकर, एकजुट होकर परमाणु शक्ति के रूप में बदलना है, ताकि हम अपनी उस शक्ति का उपयोग देश के विकास में ले सकें और विश्व में सबसे बड़ी ताक़त बनकर उभरें.............

Tuesday, August 10, 2010

कोमनवेल्थ खेलों पर राजनीति............


कोमनवेल्थ खेलों पर हो रही लगातार खींचतान और राजनीती से आप सभी अच्छी तरह वाकिफ हैं , इस आयोजन को लेकर एक-दुसरे के ऊपर आरोप-प्रत्यारोप और इस पर खर्च किये जाने वाले धन को लेकर जो भी तमाशा चल रहा है वह हम सभी की नजर में है। लेकिन यह सब करने वालों ने कभी यह सोचा है क्या, की इस सब से मेरे देश की छवि अंतर्राष्ट्रीय पटल पर कितनी धूमिल हो रही है..........

हमारे लिए बड़े सौभाग्य की बात है की इन खेलों की मेजबानी हम कर रहे हैं। विश्व भर के देश उम्मीद लगाए बैठे रहते हैं की उन्हें इस तरह का मौका मिले और ऐसे अवसर पर हमारे ही लोग इस आयोजन को सफल बनाना तो दूर इसे पूरी तरह बिगाड़ने पर तुले हुए हैं।

मुझे लगता है की इस देश में राजनीती कर रहे लोगों के राजनीतिक और व्यक्तिगत स्वार्थ देश से भी बढ़कर हैं और उन्हें इस बात की कतई परवाह नहीं की विश्व जगत में हमारी कितनी किरकिरी हो रही है......


जरा सोचिये जब राज्यवर्धन राठोड, विजेंद्र सिंह और इसी तरह देश के बहुत से खिलाडी ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश में जब पदक लेकर लौटते हैं तो पूरा देश उनकी अगवानी करता हुआ क्यों पलक-पांवड़े बिछा देता है............? और राजनीति करने वाले यही लोग क्यों उनके लिए ढेरों सुविधाओं और इनामों की घोषणा करते हैं............? क्योंकि वो हमारे देश का मान पूरे विश्व में ऊंचा करके आते हैं..........


ये हमारी अंदरूनी बात है की इस आयोजन को लेकर यदि किसी प्रकार से धन के दुरूपयोग, भ्रष्टाचार या अव्यवस्था की बात सामने आती है तो सम्बंधित गुनाहगार या दोषी को सजा अवश्य मिलनी चाहिए, लेकिन इस सब से पहले इस कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता के लिए सभी को मिल-जुलकर प्रयास करना होगा ताकि विश्व पटल पर मेरे देश की जो एक छवि बनी हुई है उसको किसी तरह का कोई आघात न पहुंचे।

मेरी नजर में सबसे बड़े दोषी वो लोग हैं जो इस देश के मान को अघात पहुंचा रहे हैं, उन्हें सबसे पहले दण्डित किया जाना चाहिए तथा उन्हें तब तक प्रतिबंधित कर दिया जाना चाहिए, जब तक यह आयोजन पूर्ण रूप से सफलतापूर्वक संपन्न न हो जाए ताकि वे किसी भी रूप में इसकी खिलाफत करने का प्रयास न कर सकें।
इस देश का मान-सम्मान बनाए रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है......